नई दिल्ली. नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में टीवी एक्टर रवि दुबे लक्ष्मण का रोल निभा रहे हैं. बीते शनिवार को दिल्ली में एक स्पेशल इवेंट के दौरान चुनिंदा लोगों के सामने फिल्म का ट्रेलर पेश किया गया, जहां
सरगुन मेहता भी अपने पति रवि दुबे के साथ मौजूद थीं. इस दौरान अपने पति और एक्टर रवि दुबे को लक्ष्मण किरदार में देखकर सरगुन काफी भावुक हो गईं. अब उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए ट्रेलर देखने का अनुभव बताया है.
सरगुन मेहता ने इवेंट की तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर करते हुए बेहद इमोशनल नोट लिखा. उन्होंने बताया कि रवि को लक्ष्मण के अवतार में देखकर उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े थे. सरगुन ने इस रोल के लिए रवि पर भरोसा जताने वाले कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का शुक्रिया अदा किया.
सरगुन मेहता के छलक पड़े आंसू
उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘मेरा दिल इतना भरा हुआ है कि जब तक मेरे आंसू न रुकें, मैं कुछ लिख भी नहीं पा रही हूं और अब भी मेरे आंसू नहीं रुक रहे हैं. अब बस इंतजार है कि 24 जुलाई 2026 को पूरी दुनिया इस ट्रेलर को देखे. मुकेश छाबड़ा का बहुत-बहुत धन्यवाद जिन्होंने हम पर यह विश्वास जताया. हम आपके हमेशा आभारी रहेंगे, जय श्री राम.’
रवि दुबे की मेहनत का फल
‘रामायण’ के लिए रवि दुबे के इस लंबे सफर और उनकी मेहनत को याद करते हुए सरगुन ने आगे लिखा, ‘मैं अपनी हर सांस के साथ ईश्वर का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं कि वे इतने दयालु रहे. यह सिर्फ और सिर्फ रवि की सालों के तप का फल है.’
‘मैं काम करना चाहती हूं’, ‘बोल बच्चन’ के बाद 10 साल तक नहीं मिला 1 भी फिल्म का ऑफर, अर्चना पूरन सिंह का छलका दर्द
ट्रेलर लॉन्च पर रवि दुबे भी हुए भावुक
इससे पहले शनिवार की शाम को हुए ट्रेलर लॉन्च इवेंट में जब रवि दुबे मंच पर आए, तो वह भी खुद को भावुक होने से नहीं रोक पाए. ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने का मौका मिलने पर उन्होंने इसे भगवान का आशीर्वाद बताया. मेकर्स का शुक्रिया अदा करते हुए रवि का गला भर आया और उनकी आवाज कांपने लगी.
रणबीर कपूर ने निभाया श्रीराम का रोल
टीवी इंडस्ट्री में एक दशक से भी ज्यादा समय तक अपनी अलग पहचान बनाने के बाद ‘रामायण’ रवि दुबे के करियर की सबसे बड़ी और अहम फिल्म साबित होने जा रही है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में नजर आएंगे.
दो पार्ट में रिलीज होगी ‘रामायण’
दो भागों में बन रही यह एपिक फिल्म ‘रामायण’ की पौराणिक कथा पर आधारित है, जिसमें भगवान श्रीराम के अयोध्या के राजकुमार होने से लेकर उनके वनवास और रावण के साथ हुए भीषण युद्ध की गाथा को दिखाया जाएगा. फिल्म का म्यूजिक एआर रहमान और हंस जिमर मिलकर तैयार कर रहे हैं. ‘रामायण’ का पहला पार्ट दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के सामने आएगा.














