रिटायरमेंट के लिए निवेश करने वाले कर्मचारियों के बीच EPF और म्यूचुअल फंड को लेकर अक्सर सवाल उठता है कि लंबी अवधि में कौन-सा विकल्प बेहतर है. इसी बीच Employees’
Provident Fund Organisation (EPFO) ने वेतनभोगी कर्मचारियों को एक अहम सलाह दी है. संगठन ने स्पष्ट कहा है कि Provident Fund (PF) की रकम निकालकर उसे म्यूचुअल फंड में निवेश नहीं करना चाहिए, क्योंकि दोनों का उद्देश्य पूरी तरह अलग है.
EPFO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक जागरूकता संदेश साझा करते हुए कहा कि EPF को म्यूचुअल फंड का विकल्प नहीं समझना चाहिए. संगठन ने अपने संदेश में टैगलाइन “SAMAJHDAR KO EPF KAAFI HAI” का इस्तेमाल करते हुए कर्मचारियों से रिटायरमेंट के लिए अपने EPF कॉर्पस को सुरक्षित रखने की अपील की.
रिटायरमेंट सुरक्षा के लिए बना है EPF
EPFO के अनुसार Employees’ Provident Fund (EPF) एक वैधानिक सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा देना है. इसके विपरीत म्यूचुअल फंड बाजार से जुड़े निवेश प्रोडक्ट हैं, जिनका उद्देश्य लंबी अवधि में संपत्ति का निर्माण करना होता है. इनमें रिटर्न बाजार के उतार-चढ़ाव पर निर्भर करता है.
यही वजह है कि EPF और म्यूचुअल फंड को एक-दूसरे का विकल्प नहीं माना जा सकता. दोनों अलग-अलग वित्तीय जरूरतों को पूरा करते हैं और निवेशकों को इनके उद्देश्य को समझकर ही फैसला लेना चाहिए.
सिर्फ बचत नहीं, सामाजिक सुरक्षा भी देता है EPF
EPFO का कहना है कि EPF की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें केवल कर्मचारी ही नहीं, बल्कि नियोक्ता भी योगदान देता है. इससे समय के साथ बड़ा रिटायरमेंट फंड तैयार होता है. वहीं म्यूचुअल फंड में पूरा निवेश केवल निवेशक को ही करना पड़ता है.
इसके अलावा EPF पर मिलने वाली ब्याज दर हर साल सरकार तय करती है, जिससे निवेशकों को अपेक्षाकृत स्थिर और अनुमानित Return मिलता है. चूंकि हर महीने वेतन से अपने आप अंशदान कट जाता है, इसलिए यह अनुशासित बचत की आदत भी विकसित करता है.
पेंशन और बीमा का भी मिलता है लाभ
EPF की एक और बड़ी विशेषता यह है कि इसके साथ केवल रिटायरमेंट फंड ही नहीं मिलता, बल्कि सामाजिक सुरक्षा के अन्य लाभ भी जुड़े होते हैं. योग्य सदस्यों को Employees’ Pension Scheme (EPS) के तहत रिटायरमेंट के बाद आजीवन पेंशन का लाभ मिलता है.
वहीं Employees’ Deposit Linked Insurance (EDLI) योजना के तहत सदस्य की मृत्यु होने पर परिवार को 7 लाख रुपये तक का बीमा कवर भी मिल सकता है. यानी EPF केवल बचत योजना नहीं, बल्कि पेंशन और बीमा जैसी सुविधाओं के साथ एक व्यापक सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था भी है.
EPF और म्यूचुअल फंड में क्या है अंतर?
- EPF का उद्देश्य रिटायरमेंट सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा देना है, जबकि म्यूचुअल फंड का मकसद लंबी अवधि में Wealth Creation करना है.
- EPF एक वैधानिक योजना है, जबकि म्यूचुअल फंड पूरी तरह स्वैच्छिक निवेश विकल्प हैं.
- EPF में कर्मचारी और नियोक्ता दोनों योगदान देते हैं, जबकि म्यूचुअल फंड में केवल निवेशक ही पैसा लगाता है.
- EPF पर सरकार द्वारा घोषित ब्याज मिलता है, जबकि म्यूचुअल फंड का रिटर्न बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करता है.
- EPF में जोखिम अपेक्षाकृत कम होता है, जबकि म्यूचुअल फंड में बाजार जोखिम बना रहता है.
- EPF में मौजूदा नियमों के तहत टैक्स छूट का लाभ मिलता है, जबकि म्यूचुअल फंड में फंड के प्रकार और निवेश अवधि के आधार पर Capital Gains Tax देना पड़ सकता है.
- EPF के साथ पेंशन और बीमा जैसी अतिरिक्त सुविधाएं मिलती हैं, जबकि सामान्य म्यूचुअल फंड में ऐसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होतीं.
यह भी पढ़ें: 4 महीने के निचले स्तर पर क्यों पहुंच गए बंधन बैंक के शेयर, दो दिन में 20 फीसदी की गिरावट; आखिर क्या है वजह?














